इंडियन रेलवे दुनिया के सबसे बड़े रेल नेटवर्क्स में से एक है। वहीं बात की जाए रेलवे स्टेशनों की, तो हमारे देश में करीब 8,500 रेलवे स्टेशन हैं। ऐसे में आज हम आपको एक ऐसे रेलवे स्टेशन के बारे में बताने जा रहे है, जो देश का सबसे भूतिया रेलवा स्टेशन माना जाता है। इस रेलवे स्टेशन पर शाम होने के बाद लोग नजर नहीं आते हैं। इतना ही नहीं अगर रात में यहां से कोई ट्रेन गुजरती है तो यात्री खिड़कियां भी बंद कर लेते हैं। लोगों का मानना है कि इस स्टेशन को देखना भी खतरे से खाली नहीं है। यही वजह है कि इस स्टेशन को देश का सबसे भुतहा रेलवे स्टेशन माना जाता है। यहां शाम 5:30 के बजे के बाद कोई भी इंसान नजर नहीं आता है। यहां पर जाने से लोग थर-थर कांपते हैं।

ये भूतिया रेलवे स्टेशन बंगाल के पुरुलिया में है, जिसका नाम बेगुनकोदर है। यह स्टेशन करीब 42 सालों तक बंद रहा, जिसके पीछे का कारण जानकर आपको हैरानी होगी। दरअसल, स्थानीय लोगों का मानना है कि इस स्टेशन पर एक लड़की का भूत है, इसलिए  शाम होते ही लोग यहां जाने से थर-थर कांपते हैं। बेगुनकोदर रेलवे स्टेशन 1960 में शुरू किया गया था, लेकिन 7 साल बाद ही इसे बंद कर दिया गया। हालांकि साल 2007 में इस स्टेशन को फिर से शुरू किया गया है, लेकिन आज भी लोगों का मानना है कि यह जगह भूतों का अड्डा है।

यह स्टेशन काफी वीरान जगह पर है, आसपास की इमारतें भी काफी डरावनी लगती हैं। इस स्टेशन पर कोई प्लेटफार्म भी नहीं है। कोलकाता से 260 किलोमीटर दूर इस भूतिया स्टेशन पर केवल 12 बाई 10 फीट का एक टिकट काउंटर बना हुआ है। कहा जाता है कि संथाल जनजाति की रानी लाखन कुमारी ने इस स्टेशन को शुरू करवाया था। लाखन कुमारी ने स्टेशन बनवाने के लिए रेलवे को काफी अधिक सब्सिडी दी थी। स्टेशन शुरू होने के बाद कुछ सालों तक यहां सब ठीक-ठाक था, लेकिन फिर यहां कुछ अजीबोगरीब घटनाएं होने लगीं।

दरअसल कुछ ऐसी अफवाह थी कि इस स्टेशन पर एक ट्रेन दुर्घटना में एक लड़की की मौत हो गई थी, जिसके बाद वर्ष 1967 में बेगुनकोदर के एक रेलवे कर्मचारी ने यहां एक महिला का भूत देखने का दावा किया। लोगों ने बताया कि इस रेलवे स्टेशन की पटरियों पर एक लड़की नजर आई, जो सफेद कपड़े पहने थी।धीरे-धीरे स्टेशन के बारे में कई कहानियां प्रचलित होने लगीं। यही कारण है कि इस स्टेशन को हॉन्टेड स्टेशन के नाम से जाना जाने लगा। स्थानीय लोगों के मुताबिक, जब स्टेशन खुला तो स्टेशन मास्टर को ट्रैक पर एक महिला नजर आई। आज भी इस जगह से जुड़ी भूतों की कहानियां काफी फेमस है।