कभी देश के बीमारू राज्यों में शुमार मध्य प्रदेश अब सुचारू राज्य के तौर पर काम कर रहा है। मध्य प्रदेश शासन की उपलब्धियों को कई जगह उद्धृत किया जाता है। स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी और कहा कि मध्य प्रदेश के अपने सभी परिवारजनों को राज्य के स्थापना दिवस पर मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। विकास की नित-नई ऊंचाइयों को छू रहा हमारा मध्य प्रदेश अमृतकाल में देश के संकल्पों को साकार करने में अहम योगदान दे रहा है। मेरी कामना है कि यह राज्य प्रगति के पथ पर यूं ही निरंतर अग्रसर रहे।

20 साल के शासन में सशक्त हुईं महिलाएं 

मध्य प्रदेश में बीते 20 साल की शासनावधि को देखा जाए, तो इसमें महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त करने के लिए शासन की ओर से कई कार्यक्रम चलाए गए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर लाड़ली लक्ष्मी योजना और लाडली बहना योजना ने प्रदेश की महिलाओं के जीवन में नया उजियारा लाया। आंकड़ें बताते हैं कि लाड़ली बहना योजना से अब तक 1 करोड़ 31 लाख से अधिक महिलाओं के खाते में 6 हजार 800 करोड़ रुपए से अधिक की राशि अंतरित की गई है। वहीं,  मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना के माध्यम से 46 लाख से अधिक बेटियों का लाड़ली लक्ष्मी परिवार बना है। अब तक 13 लाख 30 हजार से अधिक लाड़ली बेटियों को 366 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति दी जा चुकी है।  
टॉप 3 में आ सकता है मध्य प्रदेश 

देश के विकसित राज्यों की सूची में मध्य प्रदेश टॉप 3 राज्यों में आ सकता है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक सभा में प्रदेश में भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि बीते वर्षों में हमारी सरकार मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य से देश के शीर्ष 10 राज्यों में ले आई है। यहां ये हमारा लक्ष्य मध्य प्रदेश को शीर्ष 3 राज्यों में ले जाने का है। डबल इंजन को दिया आपका एक वोट मध्य प्रदेश को टॉप-3 में पहुंचाएगा।
बेहतर सड़कों का हुआ है विस्तार 

बीते 18 साल के भाजपा के शासनकाल में मध्यप्रदेश में सड़कों का मायाजाल बढ़ा है। नई सड़कें बनीं हैं और पुरानी सड़कों को बेहतर बनाया गया है। इससे कहीं आने जाने में दिक्कत नहीं होती है। कम समय में अधिक दूरी की यात्रा लोग कर रहे हैं। हाल ही में उज्जैन आए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा था कि 18 साल के भाजपा के शासनकाल में मध्यप्रदेश में सड़कों का मायाजाल बढ़ा है।  मध्यप्रदेश का विकास सिर्फ और सिर्फ भारतीय जनता पार्टी ने किया है। वर्ष 2002 में जब कांग्रेस ने सत्ता छोड़ी थी तब 23000 करोड़ का बजट हमारे पास था, लेकिन इसे बढ़ाकर हम 3,15,000 पर ले आए हैं। शिक्षा की बात की जाए तो 2456 से इसे बढ़ाकर हम 3,800 करोड़ तक ले आए हैं। अब तक 31 लाख करोड़ रुपया मध्य प्रदेश के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी दे चुके हैं।

मध्यप्रदेश हर क्षेत्र में होगा नंबर 1 : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 
मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने संदेश में कहा कि कभी हम बीमारू थे, लेकिन आज सुचारू हैं। ये यात्रा निरंतर आगे बढ़ती रहेगी और वह समय दूर नहीं जब मध्‍यप्रदेश हर क्षेत्र में देश का नम्‍बर 1 राज्‍य होगा। आइए हम सब मिलकर समृद्ध, विकसित और आत्‍मनिर्भर मध्‍यप्रदेश बनाएं।