पटना। बिहार में सीटों को लेकर आरजेडी और कांग्रेस के बीच चल रही खींचतान खत्म हो गई है। महागठबंधन में काफी मशक्कत के बाद लालू की आरजेडी बिहार में सबसे ज्यादा सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी। उसके बाद कांग्रेस और फिर लेफ्ट दलों बंटावारे में आई सीटों पर अपने-अपने उम्मीदवार उतारेंगे।  उम्मीदवारों को लेकर कांग्रेस की कल यानी रविवार को दिल्ली में बैठक होने वाली है।
आखिरकार बिहार में विपक्षी महागठबंधन दलों के बीच सीट बंटवारा हो चुका है। लालू यादव की आरजेडी को 26, कांग्रेस 9 और लेफ्ट दलों (भाकपा माले, भाकपा और माकपा) को 5 सीटें मिली हैं। ज्ञात हो कि कांग्रेस ने 2019 में भी 9 सीटों पर चुनाव लड़ा था। इनमें से सिर्फ एक सीट पर जीत हासिल हुई थी। वहीं आरजेडी एक भी सीट हासिल नहीं कर सकी थी। 
लालू यादव ने उनके खाते में आई सभी सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। सीटें बंटावारे के बाद अब कांग्रेस भी अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित करने में जुट गई है। कांग्रेस चुनाव समिति की 31 मार्च यानी रविवार को दिल्ली में बैठक होनी है, जिसमें बिहार में किन उम्मीदवारों को टिकट देना है इस पर बातचीत होगी। सूत्रों की मानें तो इसी दिन कांग्रेस अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर सकती है। 
किशनगंज से वर्तमान सांसद मोहम्मद जावेद का नाम इस बार भी लगभग तय माना जा रहा। भागलपुर से विधायक अजीत शर्मा का नाम सबसे आगे चल रहा है। कटिहार से तारिक अनवर कांग्रेस के उम्मीदवार हो सकते हैं। पटना साहिब सीट पर मीरा कुमार के बेटे अंशुल अभिजीत और राजकुमार राजन के नाम मोहर लग सकती हैं। वहीं समस्तीपुर सीट से पूर्व आईपीएस वीके रवि और अशोक राम दावेदारों में माने जा रहे हैं। कांग्रेस मुजफ्फरपुर से विधायक विजेंद्र चौधरी को अपना लोकसभा उम्मीदवार बना सकती है। महाराजगंज से विधायक विजय शंकर दुबे और कांग्रेस के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह के बेटे आकाश सिंह के नाम की चर्चा है। पश्चिम चंपारण से केदार शाश्वत कांग्रेस प्रत्याशी हो सकते हैं। वहीं सासाराम सीट पर पार्टी किसी नए चेहरे को मौका दे सकती है। 
लालू यादव की आरजेडी बिहार में जिन 26 सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी उनमें दरभंगा, बांका, अररिया, मुंगेर, सीतामढ़ी, वैशाली, झंझारपुर, मधुबनी, सीवान, हाजीपुर, औरंगाबाद, मधेपुरा, सुपौल, पूर्णिया, गया, जमुई, नवादा, सारण, पाटलिपुत्र, बक्सर, उजियारपुर, जहानाबाद, वाल्मीकि नगर, पूर्वी चंपारण, शिवहर और गोपालगंज शामिल हैं। भाकपा माले तीन सीटों आरा, नालंदा और काराकाट से चुनाव लड़ेगी। भाकपा को बेगूसराय और माकपा को खगड़िया सीट मिली है। 
एनडीए में भाजपा 17 तो जेडीयू 16 पर लड़ेगी चुनाव
भाजपा और नीतीश कुमार की जेडीयू (एनडीए) के सीट बंटावारे की बात करें तो भाजपा 17 और जेडीयू 16 सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ रही है। वहीं चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को 5 सीटें मिली हैं जिस पर वह चुनाव लड़ रही है। जीतन राम मांझी की हिन्दुस्तान आवाम मोर्चा और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को 1-1 सीट पर ही संतोष करना पड़ा है।