जमुई। बिहार के जमुई टाउन थाना क्षेत्र के लगमा गांव में सोमवार देर रात 55 वर्षीय व्यक्ति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान लगमा गांव निवासी गणेश रावत (55), पिता स्वर्गीय छेदी रावत के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। परिजनों के अनुसार, गणेश रावत रविवार रात अपने पुराने घर से खाना खाने के बाद कुछ दूरी पर स्थित नए घर में सोने के लिए गए थे। सोमवार सुबह जब उनकी पत्नी सीता देवी उन्हें जगाने के लिए कमरे में पहुंचीं तो देखा कि घर का दरवाजा बाहर से बंद है। दरवाजा खोलकर अंदर जाने पर गणेश रावत बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़े मिले। यह दृश्य देखकर पत्नी की चीख निकल गई, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घटना रात करीब 12 से 1 बजे के बीच बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या गोली मारकर की गई है या किसी अन्य हथियार से हमला किया गया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। मृतक की पत्नी सीता देवी ने बताया कि करीब दो साल पहले गांव के ही जितेंद्र रावत और धारो रावत के साथ नगर परिषद चुनाव को लेकर विवाद हुआ था। उस दौरान गोली चलने की घटना भी हुई थी और दोनों पक्षों की ओर से थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। परिजनों ने आशंका जताई है कि पुरानी रंजिश के कारण ही हत्या की गई हो सकती है। सदर एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू से जांच की जा रही है।