पटना। बिहार मंत्रिमंडल का विस्तार एक बार फिर टल गया है। वजह ये बताई जा रही है कि भाजपा ने अपने मंत्रियों की सूची तैयार नहीं कर पाई है जिसके कारण विस्तार फिलहाल टाल दिया गया है। जानकारी के अनुसार, जैसे ही सूची आएगी उसके बाद मंत्रिमंडल का विस्तार संभव है। बताया जा रहा है कि इस बार भाजपा नए चेहरों को मौका देना चाहती है इसलिए अभी मंथन का दौर जारी है। जैसे ही यह तय हो जाएगा मंत्रिमंडल विस्तार की नई तिथि की घोषणा की जाएगी। हालांकि कुछ स्तरों पर कहा जा रहा था कि शायद भाजपा के भीतर नाराजगी की बात है, लेकिन भाजपा नेताओं ने ऐसी किसी बात से इनकार किया है। जदयू के 8 मंत्रियों की लिस्ट जारी हो गई है। अशोक चौधरी, रत्नेश सदा, महेश्वर हजारी (संजय झा की जगह), सुनील कुमार, लेसी सिंह, मदन सहनी, शीला मंडल, जयंत राज के नाम शामिल हैं। जबकि पहले से नीतीश कैबिनेट में विजय कुमार चौधरी, श्रवण कुमार, विजेंद्र यादव के अलावा निर्दलीय सुमित सिंह मंत्री हैं। जबकि, भाजपा की ओर से सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा और प्रेम कुमार मंत्री बनाए गए हैं। इस बीच मंत्रि परिषद विस्तार को लेकर अभी मंत्रियों के नाम की घोषणा नहीं की गई है।