जांजगीर-चांपा: एक ही परिवार के चार लोगों की निर्मम हत्या, बुजुर्ग दंपत्ति समेत दो नाबालिगों के शव मिलने से सनसनी

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से गुरुवार की सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम भवंतरा में एक ही परिवार के चार सदस्यों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों में एक बुजुर्ग दंपत्ति और उनके दो मासूम नाती-नातिन शामिल हैं। इस सामूहिक हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।

निर्माणाधीन घर में लहूलुहान मिले शव

मिली जानकारी के अनुसार, भवंतरा निवासी मेदनी प्रसाद कश्यप (65 वर्ष), उनकी पत्नी शांति बाई (62 वर्ष), नाती पीताम्बर (17 वर्ष) और नातिन मोगरा (13 वर्ष) बुधवार की रात अपने एक निर्माणाधीन मकान में सोने गए थे। गुरुवार सुबह जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला, तो ग्रामीणों ने भीतर जाकर देखा। अंदर का नजारा देखकर सबकी रूह कांप गई; चारों के शव खून से लथपथ पड़े थे।

मौके पर पहुंचे आला अधिकारी और जांच टीमें

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। जांजगीर-चांपा एसपी सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स और डॉग स्क्वॉयड की मदद ली जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पूरे इलाके को सील कर दिया है।

रंजिश या कुछ और? हर पहलू पर नजर

गांव में इस घटना के बाद से मातम पसरा हुआ है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। पुलिस परिजनों और पड़ोसियों के बयान दर्ज कर रही है। शुरुआती तौर पर पुलिस इसे आपसी रंजिश, संपत्ति विवाद या किसी पुरानी दुश्मनी से जोड़कर देख रही है। हालांकि, अभी तक हत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।