भोपाल ।  प्रत्याशियों की घोषणा के बाद एक तरफ जहां कांग्रेस के कई कार्यकर्ता विरोध जताते हुए अपने पदों से त्यागपत्र दे रहे हैं तो दूसरी ओर अन्य दलों के नेता व कार्यकर्ता सदस्यता भी ग्रहण कर रहे हैं। सोमवार को पूर्व गृह मंत्री महेंद्र बौद्ध ने घर वापसी की तो गाडरवारा से भाजपा के पूर्व विधायक गोविंद पटेल के पुत्र और 2018 में भाजपा प्रत्याशी रहे गौतम पटेल अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए। सुरखी विधानसभा अंतर्गत राहतगढ़ नगर परिषद की अध्यक्ष प्रियंका गोलू राय ने दस पार्षद और कार्यकर्ताओं के साथ सदस्यता ली। जन न्याय दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बृज बिहारी चौरसिया ने कांग्रेस में विलय की घोषणा करते हुए सभी पदाधिकारियों के साथ पार्टी का हाथ थाम लिया।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने सभी को पार्टी की सदस्यता दिलाई। पूर्व मंत्री महेंद्र बौद्ध बसपा में चले गए थे। उनके साथ नगर पंचायत सेवढ़ा की पूर्व अध्यक्ष कमला दिवाकर यादव सहित कई समर्थकों ने पार्टी की सदस्यता ली। निवाड़ी से बसपा नेता उमेश यादव, रायसेन के भाजपा नेता भंवरलाल पटेल, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय भोपाल के पूर्व कुलसचिव डा. बी भारती, सांची जनपद अध्यक्ष अर्चना पोर्ते ने भी कांग्रेस की सदस्यता ली। कमल नाथ ने कहा कि प्रदेश का किसान, नौजवान, महिला से लेकर सभी वर्ग भाजपा सरकार से त्रस्त है। आप सभी सच्चाई का साथ दीजिए। हम मिलकर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाकर प्रदेश को नई पहचान देंगे।