पटना,। बिहार की राजधानी पटना में गंगा नदी पर वाटर मेट्रो सेवा शुरू होने का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। दशहरा के बाद और दीपावली से पहले वाटर मेट्रो का परिचालन शुरू होने की उम्मीद है। इसके लिए करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इलेक्ट्रिक जहाज ‘एमवी गोमधरकुंवर’ पटना पहुंच चुका है। जहाज के परिचालन से जुड़ी तकनीकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। फिलहाल चार्जिंग सिस्टम का परीक्षण किया जा रहा है। इसके सफल होने के बाद नियमित परिचालन शुरू करने की दिशा में आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। गंगा में वाटर मेट्रो के परिचालन के लिए एनआईटी और दीघा घाट पर दो चार्जिंग स्टेशन तैयार किए गए हैं। भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) के अधिकारियों के अनुसार, जहाज को चार्ज करने के लिए फास्ट चार्जिंग सिस्टम के साथ डीजल से संचालन की व्यवस्था भी की गई है। फास्ट चार्जिंग सिस्टम काम कर रहा है, जबकि स्लो चार्जिंग सिस्टम का ट्रायल जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, स्लो चार्जिंग सिस्टम का परीक्षण सफल होने के बाद जहाज के नियमित परिचालन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। फिलहाल चार्जिंग व्यवस्था और अन्य तकनीकी पहलुओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

- 42 मीटर लंबा है इलेक्ट्रिक जहाज
‘एमवी गोमधरकुंवर’ करीब 42 मीटर लंबा वातानुकूलित इलेक्ट्रिक जहाज है। इसमें एक साथ 75 यात्रियों के बैठने की क्षमता है। इसे जल परिवहन की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। जहाज कोलकाता के हावड़ा स्थित हुगली कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड में बनाया गया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इसे 27 सितंबर 2025 को पटना लाया गया था। इसके बाद गंगा नदी में इसका ट्रायल भी किया जा चुका है। जहाज में बिजली के अलावा डीजल से संचालन की सुविधा भी उपलब्ध है। फास्ट चार्जिंग सिस्टम के जरिए इसे करीब आधे घंटे में पूरी तरह चार्ज किया जा सकता है। पूर्ण चार्ज होने के बाद जहाज लगभग एक से डेढ़ घंटे तक लगातार चल सकेगा। वहीं, स्लो चार्जिंग सिस्टम से पूरी तरह चार्ज होने पर इसके पांच से छह घंटे तक चलने की क्षमता बताई जा रही है।

- पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
गंगा में वाटर मेट्रो सेवा का परिचालन पर्यटन विकास निगम की ओर से किया जाना है। सेवा शुरू होने के बाद पटना में नदी के रास्ते पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही स्थानीय लोगों और पर्यटकों को गंगा में जल परिवहन का एक नया विकल्प मिल सकता है। फिलहाल विभागीय स्तर पर चार्जिंग सिस्टम के ट्रायल और तकनीकी तैयारियों पर ध्यान दिया जा रहा है। स्लो चार्जिंग सिस्टम का परीक्षण सफल रहने के बाद परिचालन शुरू करने की दिशा में अगला कदम उठाया जाएगा। ऐसे में अब सबकी नजर वाटर मेट्रो सेवा की शुरुआत की आधिकारिक तारीख पर टिकी है।