कच्चे तेल में गिरावट, आईटी शेयरों में उछाल से शेयर बाजार में तेजी
मुंबई। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और रुपये की मजबूती के दम पर गुरुवार को भारतीय शेयर बाजारों में जबरदस्त उछाल देखा गया। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1000 अंक से अधिक उछलकर 73,798 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी भी 22,900 का आंकड़ा पार कर गया। इस तेजी को आईटी सेक्टर से मजबूत समर्थन मिला, हालांकि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में बिकवाली का दबाव बना रहा। घरेलू शेयर बाजारों को आज कई सकारात्मक संकेतों से मजबूती मिली। वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और भारतीय रुपये के मजबूत होने से निवेशकों का मनोबल बढ़ा। पूर्वाह्न 10:26 बजे तक, बीएसई सेंसेक्स 928.62 अंकों की बढ़त के साथ 73,710.51 पर कारोबार कर रहा था, जबकि एनएसई निफ्टी 50 भी 274.65 अंकों के साथ 22,897.35 पर था। इंट्रा-डे में सेंसेक्स ने 73,798.59 और निफ्टी ने 22,919.60 के उच्च स्तर को छुआ। हालांकि, बाजार की इस शानदार तेजी के बावजूद, व्यापक स्तर पर बिकवाली का दबाव देखा गया। निफ्टी मिडकैप 100 में करीब आधे फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में लगभग एक फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। बाजार को सबसे मजबूत सपोर्ट आईटी सेक्टर से मिला। दक्षिण कोरियाई इंडेक्स कोस्पी में एआई स्टॉक्स में भारी बिकवाली के चलते लगभग 9 फीसदी की गिरावट आई, जिससे निवेशकों ने आईटी सर्विसेज स्टॉक्स में खरीदारी का रुख किया। इसका नतीजा यह हुआ कि घरेलू मार्केट में निफ्टी आईटी इंडेक्स 2 फीसदी से अधिक उछल गया और बाद में 1.6 फीसदी की बढ़त पर कारोबार कर रहा था। टीसीएस, टेक महिंद्रा और इंफोसिस जैसे दिग्गज आईटी शेयरों में 1-2 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखी गई। इस तेजी ने पीएसयू बैंकिंग शेयरों की बिकवाली के दबाव को काफी हद तक संभाल लिया, जिनका निफ्टी इंडेक्स 2 फीसदी से अधिक टूटा था। प्राइवेट बैंकों से भी मार्केट को समर्थन मिला, और निफ्टी प्राइवेट बैंक एक फीसदी से अधिक मजबूत हुआ। आईटी के अलावा, एफएमसीजी और फाइनेंशियल्स सेक्टर में भी खरीदारी देखने को मिली। दूसरी ओर, सरकारी बैंक, एनर्जी और मेटल शेयरों में मुनाफावसूली का दौर जारी रहा। एनएसई पर निफ्टी पीएसयू बैंक और एनर्जी इंडेक्स 1-1 फीसदी से ज्यादा टूट गए। निफ्टी में हिंडाल्को का शेयर 1.2 फीसदी फिसलकर टॉप लूजर रहा, जबकि ओएनजीसी, ट्रेंट और बीएसई के शेयरों में भी कमजोरी दर्ज की गई।

फूड स्टॉल में आग लगने से जबलपुर स्टेशन पर अफरा-तफरी, पार्सल भी आए चपेट में
वॉयजर-1 ने रचा इतिहास, पृथ्वी से एक प्रकाश-दिवस दूर पहुंचने वाला पहला अंतरिक्ष यान बना
शिवराज सिंह चौहान करेंगे देश की पहली बर्ड फ्लू वैक्सीन का लोकार्पण, 20 नवंबर को कार्यक्रम
10 साल में सबसे खराब फेस्टिव तिमाही, स्मार्टफोन बाजार में सैमसंग का दबदबा कायम
शालीमार-LTT और छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में अतिरिक्त डिब्बे लगाने का फैसला
18 दिन बाद जंगल में मिला लापता युवक, कपड़ों से परिजनों ने की पहचान
अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का एक्शन, 9 मामले दर्ज