लखीसराय। बिहार के लखीसराय जिले में एनएच-80 पर सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। सोमवार रात करीब 8 बजे सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के रतनुपुर गांव के पास एक चिमनी भट्ठा के समीप एनएच-80 पर यह भयावह हादसा हुआ। गिट्टी से लदे तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और हाइवा उन्हें रौंदते हुए आगे निकल गया। हादसा इतना वीभत्स था कि दोनों युवकों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत होकर सड़क पर बिखर गए। दुर्घटना के बाद चालक हाइवा को सड़क किनारे खड़ा कर मौके से फरार हो गया।

एनएच-80 पर लगाया जाम

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। आक्रोशित लोगों ने एनएच-80 को जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस को कई बार फोन किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। करीब 40 मिनट की देरी से पुलिस मौके पर पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई। शवों की हालत इतनी खराब थी कि शुरुआत में मृतकों की पहचान करना मुश्किल हो गया। बाद में एक मृतक के मोबाइल फोन से परिजनों से संपर्क कर पहचान सुनिश्चित की गई।

मृतकों की पहचान

मृतकों की पहचान लखीसराय जिले के मझबे गांव निवासी दिलीप शर्मा और जमुई जिले के राधानगर निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक आपस में रिश्तेदार थे। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बेगूसराय जिले के शाम्हो थाना क्षेत्र के झगराहा गांव में एक तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रतनुपुर गांव के पास यह हादसा हो गया और दोनों की जान चली गई।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लखीसराय सदर अस्पताल भेज दिया गया। सूर्यगढ़ा थाना अध्यक्ष रोहित कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल हाइवा वाहन को जब्त कर लिया गया है और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।