खगड़ा रेड लाइट एरिया में पुलिस का छापा, 4 नाबालिग समेत 9 युवतियां मुक्त
किशनगंज। बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिले के चर्चित खगड़ा रेड लाइट एरिया में रविवार शाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत की गई इस छापेमारी में पुलिस ने देह व्यापार के चंगुल से चार नाबालिगों समेत कुल नौ युवतियों को मुक्त कराया है।
अचानक दबिश से मची भगदड़
रविवार शाम भारी संख्या में पुलिस बल ने अचानक किशनगंज के खगड़ा रेड लाइट एरिया में दबिश दी। पुलिस टीम को देखते ही इलाके में भगदड़ मच गई। कई संदिग्धों ने भागने की कोशिश की, जिन्हें पुलिसकर्मियों ने खदेड़ कर हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई में वर्दीधारी पुलिस के साथ-साथ सादे लिबास में भी जवान तैनात थे, ताकि किसी भी आरोपी को भागने का मौका न मिले।
सूचना के आधार पर पहुंची पुलिस
एसडीपीओ मंगलेश कुमार सिंह ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मुख्यालय को सूचना मिली थी कि बाहर से लड़कियों को लाकर यहां देह व्यापार कराया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम बड़े सिंडिकेट को ध्वस्त करने के इरादे से मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे तक चली सघन तलाशी के दौरान कई घरों की जांच की गई।
जारी है जांच और पूछताछ
समाचार लिखे जाने तक पुलिस की कार्रवाई और छानबीन जारी थी। पुलिस उन मुख्य सरगनाओं की तलाश कर रही है, जो लड़कियों की खरीद-फरोख्त और इस अवैध धंधे को संचालित करते हैं। मुक्त कराई गई लड़कियों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है और उनके परिजनों व मूल निवास के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
एसडीपीओ का बयान
एसडीपीओ मंगलेश कुमार सिंह ने बताया कि देह व्यापार में लिप्त लड़कियों को मुक्त कराने के लिए ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत यह छापेमारी की गई। अब तक 9 युवतियों को मुक्त कराया जा चुका है और आगे की जांच जारी है।

राहुल गांधी का बड़ा दावा: विपक्ष ने संसद में संविधान पर होने वाले हमले को विफल किया।
अवैध चांदी रिफाइनरी का भंडाफोड़: छापेमारी में भारी मात्रा में केमिकल और मशीनरी जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार।
हॉर्मुज पर फिर संकट: ईरान ने लगाया सैन्य कंट्रोल
भोपाल में 50 हजार शिक्षकों की हुंकार: "25 साल की सेवा के बाद अब परीक्षा की कैसी शर्त?"
तालाब में नहाने गई चार सहेलियां डूबीं, दो को ग्रामीणों ने बचाया, दो की दर्दनाक मौत
प्रशासनिक लापरवाही की इंतहा: सरकारी कागजों में मार दिए गए 17 जिंदा वोटर, कलेक्टर सख्त