पटना में हाईवा ने पुलिस गाड़ी को मारी टक्कर, रेलिंग से टकराकर लगी आग
पटना। जिले के धनरूआ थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। भखरी पुल के पास तेज रफ्तार बालू लदे हाईवा ट्रक ने डायल 112 की पुलिस गाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस की गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि गाड़ी में सवार पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। हादसे में गाड़ी में मौजूद एएसआई मोहम्मद असलम कुरैशी, चालक दिलीप कुमार और महिला आरक्षी मोनी कुमारी को हल्की चोटें आईं। टक्कर मारने के बाद भागने के दौरान हाईवा ट्रक भखरी पुल के पास रेलिंग से टकरा गया, जिससे उसमें आग लग गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल की गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना के संबंध में एएसआई मोहम्मद असलम कुरैशी ने बताया कि शनिवार सुबह वे डायल 112 की गाड़ी से चालक दिलीप कुमार और महिला आरक्षी मोनी कुमारी के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि भखरी गांव में एक बारात के दौरान कुछ लड़कियों के साथ छेड़खानी की घटना हुई है। सूचना मिलने पर वे मौके पर जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी भखरी पुल के पास पहुंची, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे बालू लदे हाईवा ट्रक ने डायल 112 की गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सभी पुलिसकर्मी गाड़ी से बाहर निकल गए। उन्होंने देखा कि पुलिस की गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। पुलिसकर्मियों ने हाईवा ट्रक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन भागने के दौरान ट्रक रेलिंग से टकरा गया और उसमें आग लग गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने ट्रक में सवार खलासी पंकज कुमार को खदेड़कर पकड़ लिया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना धनरूआ थाना प्रभारी और पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। इसके बाद अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और आग बुझाई गई। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। महिला आरक्षी मोनी कुमारी ने बताया कि यदि उस समय डायल 112 की गाड़ी सड़क के बीच में होती तो हाईवा ट्रक सीधे पुलिस वाहन को कुचल देता।

राशिफल 24 अप्रैल 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की बड़ी पहल: मुख्यधारा में लौटे युवाओं को स्वास्थ्य सुरक्षा और नई उम्मीद
जैव उर्वरक और नील-हरित काई के उपयोग को बढाएं-कृषि उत्पादन आयुक्त निगार
क्षीर धारा अभियान का मुख्य उद्देश्य पशुपालकों की आय में वृद्धि और गोवंश का स्वास्थ्य सुरक्षित रखना है : मंत्री पटेल
राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने किया 4 लेन सीसी सड़क निर्माणकार्य का भूमि-पूजन
पुष्पा ने लिखी आत्मनिर्भरता की नई कहानी