बिहार के इस जिले में जातीय विवाद पर बवाल: पथराव, 112 की गाड़ी में तोड़फोड़, महिला पुलिसकर्मी घायल
दरभंगा। जिले में होली की रात सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के भरूल्ली पंचायत स्थित लोरीका गांव में रंग खेलने के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद बढ़कर जातीय तनाव और पथराव में बदल गया। सहनी टोला और चौपाल टोला के बीच बढ़े विवाद के दौरान सूचना पर पहुंची डायल 112 की पुलिस गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की गई। इस घटना में एक महिला पुलिसकर्मी समेत करीब 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपित फरार हैं। घटना के बाद से गांव में भारी तनाव बना हुआ है। सूचना मिलते ही दरभंगा एसएसपी ने भारी संख्या में पुलिस बल भेजकर गांव में तैनात कर दिया है।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लोरीका गांव निवासी अनरजीत सहनी ने अनिल चौपाल को अपने घर रंग खेलने के लिए बुलाया था। इसी दौरान अमरजीत सहनी के पहुंचने पर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि अमरजीत सहनी ने अनिल चौपाल के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और सरसों तेल के खाली टीन से हमला किए जाने की बात सामने आई है। दोनों पक्षों के घरों की दूरी करीब 150 मीटर बताई जा रही है।
पथराव में महिला पुलिसकर्मी घायल
मारपीट की सूचना मिलते ही चौपाल समुदाय के लोगों ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने के दौरान स्थिति और बिगड़ गई। कुछ लोगों ने डायल 112 वाहन पर पथराव कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया, जिसमें एक महिला पुलिसकर्मी घायल हो गई। चौपाल समुदाय के भी कई लोग जख्मी बताए जा रहे हैं।
मौके पर पहुंची कई थानों की फोर्स
घटना की गंभीरता को देखते हुए सिंहवाड़ा के साथ-साथ सिमरी, कमतौल और जाले थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। कमतौल के एसडीपीओ शुभेंद्र कुमार सुमन तथा बीडीओ विक्रम भाष्कर भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि कई घरों में पुरुष सदस्य ताला लगाकर फरार हैं।
पुलिस ने क्या बताया?
एसडीपीओ शुभेंद्र कुमार सुमन ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है। एहतियातन पुलिस बल तैनात कर कैंप किया जा रहा है तथा लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने डायल 112 की गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया है, वहीं एक महिला पुलिसकर्मी को भी चोट लगी है।

राशिफल 15 अप्रैल 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
माओवाद की समाप्ति के बाद अब बस्तर का सर्वांगीण विकास होगा: मंत्री राम विचार नेताम
अम्बिकापुर में विकास को नई रफ्तार
ड्रोन के साथ अपने हौसलों को उड़ान दे रही हैं सरूपी मीणा
अल्पविराम की अवधारणा जीवन और कार्य के संतुलन के लिये अत्यंत आवश्यक : अर्गल
चिन्हारी योजना से सशक्त हो रही छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति
जल जीवन मिशन से संवरी बुलगा की तस्वीर, जीवंती बाई के घर तक पहुँचा शुद्ध पेयजल