'उन्होंने अफगानिस्तान क्रिकेट के लिए बहुत कुछ किया है', कोच ट्रॉट की विदाई पर बोले कप्तान राशिद
अफगानिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का अंत धमाकेदार जीत के साथ किया। गुरुवार को एम चिदंबरम के मैदान पर खेले गए टूर्नामेंट के 39वें मुकाबले में अफगानिस्तान ने कनाडा को 82 रनों से हराया। अफगानिस्तान ने जीत के साथ टीम के हेड कोच जोनाथन ट्रॉट को भी विदाई दी। कप्तान राशिद खान ने मैच के बाद कहा कि ट्रॉट ने अफगानिस्तान क्रिकेट के लिए बहुत कुछ किया और उनका टीम से अलग होना काफी भावुक करने वाला पल है। कनाडा के खिलाफ मिली जीत के बाद राशिद ने कोच की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, 'जोनाथन ट्रॉट के साथ पिछले चार या साढ़े चार साल का यह सफर कमाल का रहा। उन्होंने अफगानिस्तान क्रिकेट के लिए बहुत कुछ किया। टीम को इस मुकाम तक पहुंचाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई। ट्रॉट को इस तरह से टीम से अलग होते देखना काफी भावुक पल है, लेकिन यही जिंदगी है। आप कभी भी हमेशा साथ नहीं रह सकते हैं। हम उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देना चाहते हैं और उम्मीद करते हैं कि उनसे फिर मुलाकात होगी।' अफगानिस्तान के टूर्नामेंट में सफर को लेकर राशिद ने कहा, 'हम पूरी तैयारी के साथ आए थे और हमने टूर्नामेंट में लाजवाब क्रिकेट खेला। मेरे हिसाब से साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए मैच में मिली हार ने हमको बैकफुट पर धकेल दिया और सबसे ज्यादा चोट भी पहुंचाई। हम इस बात को जानते थे कि विश्व कप में अपने भाग्य को नियंत्रण में रखने के लिए हमें शुरुआती दो मैचों में से एक में जीत दर्ज करनी ही होगी। हालांकि, टूर्नामेंट ऐसे ही चलता है।' राशिद ने आगे कहा, 'इस टूर्नामेंट से हमारे लिए काफी चीजें सकारात्मक रहीं, जिसके साथ हम आगे बढ़ना चाहेंगे और अगले आईसीसी इवेंट में मजबूती के साथ वापसी करेंगे। हालांकि, कुछ चीजों में हमें सुधार करने की जरूरत है। खासतौर पर बड़ी टीमों के खिलाफ हमारे मध्यक्रम बल्लेबाजों का प्रदर्शन और अंतिम ओवरों में गेंदबाजी।' ग्रुप स्टेज में खेले 4 मैचों में से अफगानिस्तान को दो में जीत मिली, जबकि 2 मैचों में टीम को हार का सामना करना पड़ा।

समीर अंजान का तीखा बयान: 'जेन जी' को सिर्फ साउंड चाहिए, शब्दों की गहराई से उनका नाता टूटा।
रणवीर सिंह के मुरीद हुई सारा अर्जुन: कहा- 'उनसे बेहतर को-स्टार कोई और हो ही नहीं सकता'
Bhopal में CM हाउस के पास धरना देने पर सख्ती, पुलिस कमिश्नर का आदेश
गाजीपुर में भीषण सड़क हादसा: अज्ञात वाहन ने बाइक को रौंदा, युवक की मौत, साथी घायल।
धर्मांतरण की 'विदेशी फंडिंग': सीरियाई शिपिंग कंपनी के जरिए भारत आए करोड़ों रुपये