जम्मू । अमरनाथ यात्रियों की सुविधा के लिए भारतीय रेलवे ने दो और विशेष रेलगाड़ियों को चलाने की घोषणा की है। इसके पूर्व रेलवे ने अमरनाथ यात्रा पांच अतिरिक्त विशेष गाड़ियों को चलाया था। रेलवे प्रवक्ता के अनुसार अमरनाथ यात्रा के दौरान जम्मू कश्मीर में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच दो समर स्पेशल रेलगाड़ी को चलाने का फैसला लिया है। रेलगाड़ी संख्या 04087 नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा–नई दिल्ली गतिशक्ति समर स्पेशल एक्सप्रेस कुल दो फेरे लगाएगी। गति शक्ति समर स्पेशल रेलगाड़ी 02 जुलाई को नई दिल्ली से रात 11:15 बजे चल कर अगले दिन सुबह 11.25 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा पहुंचेगी।
वापसी दिशा में रेल गाड़ी संख्या 04088 श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-नई दिल्ली गति शक्ति समर स्पेशल 03 जुलाई को श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से शाम 06.30 बजे कर अगले दिन सुबह 06.50 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। इस रेलगाड़ी में वातानुकूलित श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे। मार्ग में यह रेलगाड़ी सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, अम्बाला कैंट, लुधियाना, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, जम्मू तवी तथा ऊधमपुर स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी। वहीं, एक अन्य रेलगाड़ी संख्या 04095 दिल्ली जंक्शन से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच कुल दो फेरे लगाएगी। यह समर स्पेशल रेलगाड़ी 03 जुलाई को दिल्ली जंक्शन से रात 11:15 बजे चल कर अगले दिन सुबह 11.25 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा पहुंचेगी।
वापसी दिशा में रेलगाड़ी संख्या 04096 श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से दिल्ली जंक्शन के लिए 04 जुलाई को श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से शाम 06.30 बजे चल कर अगले दिन सुबह 06:50 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी। इस रेलगाड़ी में वानानुकूलित, स्लीपर तथा सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे। मार्ग में यह रेलगाड़ी सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, अम्बाला कैंट, लुधियाना, जलंधर कैंट, पठानकोट कैंट, जम्मू तवी तथा ऊधमपुर स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी।