भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि जीवन की सबसे बड़ी सच्चाई सत्य और साहस का समाज में हमेशा सम्मान होना है। अतः जीवन में निष्ठा और सत्य के पथ पर पूरी ईमानदारी के साथ चलें। यह समझना जरूरी है कि पुलिस के लिए कानून-व्यवस्था बनाए रखना जितना आवश्यक है, उतना ही जरूरी अपनी जन-हितैषी छवि को पुख्ता बनाना भी है। उन्होंने कहा कि पुलिस समाज का अभिन्न अंग है। विकास, स्वस्थ समाज का आधार है। विकास के लिए शांति, शांति के लिए सुरक्षा और सुरक्षा के लिए पुलिस महत्वपूर्ण है।राज्यपाल पटेल ने कहा कि राष्ट्रपति सम्मान हम सबके लिए गौरव का विषय है। यह मध्यप्रदेश पुलिस बल को नए उत्साह के साथ देश-भक्ति और जन-सेवा के संकल्प को मजबूत बनाने का अवसर है। इस पदक का मान-सम्मान आगे भी बनाए रखना पुलिस बल के सभी अधिकारी और जवानों का कर्त्तव्य है। उन्होंने कहा कि निर्धारित दायित्वों के साथ जन-सुरक्षा, जन-सेवा के उत्कृष्ट कार्यों से सामाजिक प्रतिबद्धता के उच्च आदर्श प्रदेश पुलिस ने प्रस्तुत किए हैं।