बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों के 10वें दिन भारतीय मुक्केबाजों ने कमाल दिखाया। रविवार को भारत ने कुल पांच स्वर्ण जीते। इनमें से तीन स्वर्ण मुक्केबाजों के नाम रहे। भारत की दो महिला और एक पुरुष मुक्केबाज ने स्वर्ण जीता। महिलाओं के 45-48 किलोग्राम भारवर्ग में नीतू घणघस और 48-50 किलोग्राम भारवर्ग में निकहत जरीन ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।वहीं, पुरुषों के 48-51 किलोग्राम भारवर्ग में अमित पंघाल ने भी स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा टेबल टेनिस में मिक्स्ड डबल्स में अचंता शरत कमल और श्रीजा अकुला की जोड़ी ने कमाल दिखाया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।इसके अलावा ट्रिपल जंप में एल्डहॉस पॉल ने इतिहास रचा और गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वह राष्ट्रमंडल खेलों में इस इवेंट स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए।